आधुनिकतावादियों का संकत यह है कि वे पारिवारिक वफादारी से तो मुक्त नहीं हो पाते लेकिन आधुनिकता के नाम पर अपने समाज के उन परंपरागत मूल्यों को नकार देते हैं जो हमारे समाज में कभी वैयक्तिक महत्त्वाकांक्षा पर अंकुश का काम करते थे । एक अंकुश तो था एक सीमा के बाद भौतिक वस्तुओं के प्रति उपेक्षा की दृष्टि । दूसरा अंकुश था व्यक्ति के जीवन का चार कालों में विभाजन का आदर्श जिसमें तीसरा वानप्रस्थ और चौथा सन्यास था । इसके अनुसार अधेड़ होने पर पारिवारिक जवाबदेही से निवृत्ति और बुढ़ापा आने पर सांसारिक मोहमाया से निवृत्ति जीवन का लक्ष्य था । ऐसा शायद कभी नहीं था कि आम लोगों की जिन्दगी इस आदर्श पर चलती थी । लेकिन चूँकि यह जीवन के आदर्श प्रतिमान थे,लोगों के जीवन पर परोक्ष रूप से इन आदर्शों का प्रभाव हमेशा बना रहता था । सर्वस्व दान यहाँ तक कि संतान दान तक के मिथक समाज में व्यापक थे और इनसे लोगों का जीवन प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकता था । इस तरह यहां के परंपरागत समाज में संपत्ति और संतान के प्रति पूर्ण समर्पण का भाव कभी भी प्रतिष्ठा नहीं प्राप्त कर सकता था । प्राचीन भारतीय समाज में शासक (राजा) स्वेच्छाचारी भी नहीं हो सकता था उसे धर्मशास्त्रों और अनेक श्रेणियों के बंधन में रहना पड़ता था । ये मूल्य सूफी संतों के माध्यम से इस्लाम के भारत में आने के बाद भी और मुगल सल्तनत तक में कायम रहे । औरंगजेब का अपने निजी खर्च के लिए खजाने कोई रकम लेने के बजाए कुरान के आयतों की नकल कर खर्च चलाना और अपनी कब्र तक को बिना किसी तामझाम के फकीरों की कब्रों के बीच स्थापित करने की आज्ञा देना इसका प्रमाण है । इन सबके ऊपर असंग्रह या अपरिग्रह जीवन के उच्चतम आदर्शों में थे । यह स्वाभाविक रूप से संपत्ति के प्रति के प्रति उपेक्षा का भाव पैदा करता था । महात्मा गांधी अगर संपत्ति और संतान के संकीर्ण मोह से बचे रहे तो इसका खास कारण ऊपर बताए गए मूल्यों के प्रति उनकी गहरी आस्था ही थी ।
इसके विपरीत भारत के आधुनिकतावादी जीवन का प्रधान लक्ष्य भौतिक या आर्थिक उपलब्धि मानते हैं । लेकिन इनके लिए खुली प्रतिस्पर्धा की जगह जो आधुनिकता की माँग है , पारिवारिक या जातीय खोल के भीतर से ही उपलब्धि के संघर्ष में जुटना चाहते हैं । यह दोष दिनोंदिन और भी सघन होता गया है ।
इसका एक खास सामाजिक कारण भी रहा है जिसे दूसरे समाजों में भी देखा जा सकता है । इसका सबसे प्रधान कारण है आधुनिक समाज में जीवन की उपलब्धि को एक ही आयाम यानी अर्थ उपार्जन में देखना । उपलब्धि का एक आयामी होने से व्यक्तियों के कर्म चाहे वे जिस क्षेत्र में हों आर्थिक कसौटी पर कसे जाने लगते हैं । सभी तरह के सृजन , चाहे वे शिल्प में हों , अन्य कलाओं में हों या विज्ञान में , बाजार में विनिमय की वस्तु बन जाते हैं । उनको आँकने का एक ही मापदंड है – यह देखना कि उससे कितना धन का उपार्जन होता है । इसमें सफलता के रूप में होती हैं वे सारी सामग्रियां जिन्हें पैसे से खरीदा जा सकता है । यहीं से उपभोक्तावादी संस्कृति को उर्जा मिलती है और लोग अपनी उपलब्धि के पैमाने के रूप में उपभोग के विभिन्न उपकरणों का जखीरा लगानेलगते हैं । जैसे – जैसे उपभोग की वस्तुओं की किस्में बढ़ती जाती हैं वैसे – वैसे लोगों के जीवन के ढंग और स्तरों का फर्क भी बढ़ने लगता है । इससे एक ओर संपन्नता के प्रतीक वस्तुओं क संख्या अनगिनत होती जाती हैं और दूसरी ओर इन्हें प्राप्त करने की स्पर्धा उत्तरोत्तर अधिक कठोर होती जाती है ।
एक और चीज जो आधुनिक औद्योगिक समाज के विकास का अभिन्न अंग है वह है सुविधाओं का व्यवस्था में हासिल किए गए स्थानों पर निर्भर होना । जो व्यक्ति व्यावसायिक या राजनैतिक प्रतिष्ठानों में जितना ही ऊँचा स्थान हासिल करता है उसकी आय और सुविधायें उतनी ही अधिक होती हैं । इसे योग्यता के आधार पर समान अवसर के सिद्धांत के रूप में गरिमामंडित किया जाता है। इसके कारण आधुनिक समाज में कोई भी अपनी सुविधा को कानून और नियम के तहत अपने वंशजों को उस तरह हस्तांतरित नहीं कर सकता जिस तरह वंश परंपरा वाले पारंपरिक समाज में संभव था । लेकिन चूंकि समाज के भीतर जीवन स्तरों का फर्क बहुत ही ऊंचा होता है इससे कोई भी आदमी यहीं चाहता कि उसकी संतान या अन्य नजदीकी रिश्तेदार समाज की निचली सीढियों पर फेंक दिए जांए जहां उन्हें जीवन की वे सुविधायें उपलब्ध नहीं हो सकें जिनके वे अभ्यस्त हैं । यहीं से आधुनिक समाज में कुनबापरस्ती और भ्रष्टाचार की शुरुआत होती है । ऊँचे स्थानों पर जमे लोग अनेक तरह से समान अवसर के आधुनिक सिद्धांत के प्रतिकूल ऐसे तरीकों की तलाश करते हैं, जिनसे समान प्रतिस्पर्धा के कठिन रास्ते से उनके वंशजों को निजात मिलजाए और वे चोर दरवाजे से ऊँचे स्थानों पर पहुंच जाएं , या अपनी योग्यता के अनुपात से कहीं अधिक आर्थिक लाभ ले सकें । रूस में जहाँ उत्पादन के साधनों पर राज्य का अधिकार था और सुविधायें लोगों को राज्य या अर्थव्यवस्था में हासिल पद के आधार पर मिलती थी अपने सगे-संबंधियों को आगे बढ़ाने के लिए अपनाए जाने वाले भ्रष्ट आचरण काफी व्यापक थे ।
(जारी )

[...] पिछले हिस्से : एक , दो [...]
आपका बिलकुल ठीक है अर्थ को अत्यधिक सम्मान देना ही भ्रष्टाचार का हेतु है.
[...] [...]